logo

मिशन 2024 का आगाज, BJP चलाएगी गांव चलो अभियान; 11 फरवरी को रांची आ सकते हैं पीएम मोदी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड में लोकसभा चुनाव अभियान का आगाज कर दिया है। इसी कड़ी में पार्टी ने राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटों के लिए प्रभारी, संयोजक और सह-संयोजक नियुक्त कर दिए हैं।
एक नेता ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। नेता ने बताया कि पार्टी ने सभी 14 लोकसभा सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए चार से 11 फरवरी तक 'गांव चलो' अभियान भी शुरू करने का फैसला किया है।

बुधवार को अभियान को लेकर आयोजित वर्कशॉप के दौरान, झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं से हर गांव में जाने और ग्रामीणों को एक मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने के लिए आमंत्रित करने को कहा। उन्होंने कहा, 'हम एक नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे और झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटें जीतेंगे।'

भाजपा के संगठन महासचिव कर्मवीर सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता 'गांव चलो' अभियान के दौरान झारखंड के सभी 32,000 गांवों में जाएंगे और लोगों को मोदी सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए गांवों का विकास जरूरी है। सिंह ने कहा कि पार्टी के सभी राष्ट्रीय, राज्य, जिला, मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ता इस अभियान में भाग लेंगे और 24 घंटे एक गांव में रहकर इसे सफल बनाएंगे।

प्रधानमंत्री मोदी 11 फरवरी को आ सकते हैं रांची

भाजपा के राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय जनजातीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत कर सकते हैं। 11 फरवरी को बाबा तिलका मांझी जयंती के मौके पर रांची में सम्मेलन का आयोजन किया गया है। भाजपा राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कार्यक्रम रांची व बड़ोदरा में होने हैं। रांची में होने वाले कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को निमंत्रण भेजा गया था। जानकारी के मुताबिक, रांची में प्रभात तारा मैदान में होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत कर सकते हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सम्मेलन में देश के अलग-अलग राज्यों से एक लाख से अधिक जनजातीय
समुदाय के लोग आएंगे। इसकी तैयारी की जा रही है।

0
2174 views